महाराष्ट्र के प्रो-टेम स्पीकर होंगे दिलीप वाल्से-पाटिल

मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)| राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप वाल्से-पाटिल महाराष्ट्र विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष (प्रो-टेम स्पीकर) होंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि दिलीप वाल्से शनिवार को बुलाए गए सदन के विशेष सत्र की अध्यक्षता करेंगे।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को यहां शिवाजी पार्क में पद की शपथ ली थी। उन्हें 3 दिसंबर तक अपना बहुमत सिद्ध करना है।

शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस वाली सत्तारूढ़ ‘महा विकास अघाड़ी’ संभवत: शनिवार को ही सदन के पटल पर अपना बहुमत सिद्ध कर सकती है।

‘महा विकास अघाड़ी’ ने अपने पास 170 विधायकों का समर्थन होने की बात कही है और इसके नेताओं का कहना है कि वह इसे शक्ति परीक्षण (फ्लोर टेस्ट) में पास कराने में पूर्ण रूप से सक्षम हैं।

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने 26 नवंबर को भी 287 नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाने के लिए एक वरिष्ठ भाजपा विधायक को प्रो-टेम स्पीकर नियुक्त किया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार, यह प्रक्रिया आराम से पूरी हुई थी। इसके बाद समूचा राजनीतिक परिदृश्य ही बदल गया।