मप्र : योग के प्रति हर तरफ दिखा उत्साह

भोपाल, 21 जून (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हर तरफ उत्साह नजर आया। राजधानी में राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और अन्य स्थानों पर मंत्रियों ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और योग से विकसित होने वाले सकारात्मक नजरिए पर जोर दिया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “जीवन में योग को अपनाएं और दूसरों को भी योग का महत्व बताएं। योग वह क्रिया है जो शरीर, मन और बुद्धि के बीच सकारात्मक तालमेल स्थापित करती है। इससे दुनिया को देखने और समझने का सकारात्मक नजरिया बनता है।”

उन्होंने कहा, “अगर देश के हर उम्र के लोग नियमित दिनचर्या में योग को शामिल कर लें, तो स्वस्थ मस्तिष्कों के ऊर्जावान कार्यो से देश-प्रदेश को निरंतर आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।”

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपद येसो नाईक के योग संदेश का प्रसारण हुआ। प्रार्थना, ध्यान और शांति पाठ हुए। योग गुरु ने योग पर अपनी पुस्तक का मराठी संस्करण राज्यपाल को भेंट किया।

वहीं मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, “योग वास्तव में स्वस्थ जीवन जीने की कला और विज्ञान है। योगाभ्यास केवल व्यायाम नहीं है, यह स्वयं के साथ विश्व और प्रकृति से एकत्व खोजने का भाव है। योग जागरूकता पैदा करता है और प्राकृतिक परिवर्तनों को सहन करने के लिए सक्षम बनाता है। इससे भावनाएं संतुलित होती हैं और बौद्घिक स्पष्टता आती है।”

सामूहिक योग कार्यक्रम में 6,700 से अािक लोगों ने एक साथ एक संकेत पर योगाभ्यास किया।

इसी तरह संस्कृति एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ पांचवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय और राष्ट्रीय आयुष मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयुष परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। डॉ. साधौ ने लोगों से योगाभ्यास को दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में लोगों ने योग की विभिन्न मुद्राओं और आसनों का सामूहिक अभ्यास किया। विद्याíथयों ने विभिन्न समूहों में योग प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया।