मप्र में बादलों का डेरा, बारिश की संभावना

भोपाल, 4 सितम्बर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में बुधवार को भी बादल छाए हुए हैं, वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में सामान्य से भारी बारिश की संभावना जताई है। राज्य में बुधवार की सुबह मौसम सुहावना रहा, अधिकांश हिस्सों में छाए बादलों और चल रही हवाओं ने मौसम को राहत भरा बनाया और तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दवाब का क्षेत्र बना हुआ है, इसके अलावा अन्य मौसमी गतिविधियों के चलते राज्य में बादल छाए हुए हैं और सामान्य से भारी बारिश के आसार बने हैं। बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ी हैं।

राज्य के मौसम में बदलाव जारी है। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 23.8, ग्वालियर का 25.6 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.6 सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 29.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 35.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा।