मप्र में छिटपुट हिंसा के बीच 60.48 प्रतिशत मतदान (लीड-3)

 भोपाल, 12 मई (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के तीसरे चरण में आठ संसदीय क्षेत्रों में छिटपुट हिंसा के बीच 60.48 प्रतिशत मतदान हुआ।

 भिंड में सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने उम्मीदवारों सहित कई नेताओं को नजरबंद कर दिया।

राज्य के आठ संसदीय क्षेत्रों मुरैना, भिंड (आरक्षित), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल एवं राजगढ़ में मतदान प्रात: सात बजे से शुरू हो गया, जो शाम छह बजे तक चला।

मुख्य चुनाव पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के तीसरे चरण में 60.48 प्रतिशत मतदान हुआ है। मुरैना में 54.36 प्रतिशत, भिड में 51.59, ग्वालियर में 56.39, गुना में 65़11, सागर में 60.61, विदिशा में 66.35, भोपाल में 61.71 और राजगढ़ में 68.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सभी आठों सीटों के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आने लगी थीं, वहीं, कई स्थानों पर गड़बड़ी के चलते ईवीएम बदले गए। मतदान के दौरान भिंड संसदीय क्षेत्र के आलमपुर, सागर के खुरई में मतदान केंद्र पर कब्जा करने और मारपीट की खबरें आई हैं।

भिड संसदीय क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों से विवाद की खबरें आ रही हैं। वहीं, इसी ससंदीय क्षेत्र में सुरक्षा कारणों से भाजपा, कांग्रेस और बसपा के उम्मीदवारों को विश्राम गृह में नजरबंद कर दिया गया। इसी तरह भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र सिह कुशवाह और अन्य कांग्रेस व भाजपा नेताओं को नजरबंद किया गया।

सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 85 कंपनियां और राज्य सशस्त्र पुलिस बल की 30 कंपनियां तैनात की गईं। राज्य पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित कुल 45 हजार 53 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी।

इस चरण में कुल 138 उम्मीदवार मैदान में हैं, और इनमें 14 महिला उम्मीदवार हैं। एक करोड़ 44 लाख से ज्यादा मतदाता इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चरण की अधिकांश सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है।

राजधानी भोपाल में कांग्रेस के दिग्विजय सिह का मुकाबला भाजपा की साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से है, वहीं गुना में कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिधिया का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार क़े पी़ यादव से है। ग्वालियर में कांग्रेस के अशोक सिह के सामने भाजपा के विवेक शेजवलकर हैं।

इसी तरह मुरैना में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिह तोमर का मुकाबला कांग्रेस के राम निवास रावत से है। राजगढ़ में कांग्रेस की मोना सुस्तानी का मुकाबला भाजपा के रोडमल नागर से है। विदिशा में भाजपा के रमाकांत भार्गव के सामने कांग्रेस ने शैलेंद्र पटेल पर दांव लगाया है।

भिड और सागर संसदीय सीटों पर मुकाबला नए चेहरों के बीच है। भिड से भाजपा ने संध्या राय और कांग्रेस ने देवाशीष जरारिया को मैदान में उतारा है। वहीं, सागर में भाजपा के राजबहादुर सिह का मुकाबला कांग्रेस के प्रभु सिह ठाकुर से है।