मप्र के स्कूलों में शुरू होंगे बाल युवा क्लब : कमलनाथ

भोपाल, 14 नवंबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने देश के पहले प्रधानमंत्री पं जवाहर लाल नेहरू की 130वीं जयंती के मौके पर राज्य के चयनित स्कूलों में बाल युवा क्लब स्थापित करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बरकत उल्ला विश्वविद्यालय में पं नेहरू की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश के चयनित स्कूलों में विद्यार्थियों की विभिन्न रुचियों और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए बाल युवा क्लब स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंडित नेहरू बच्चों के संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास के पक्षधर थे, इसलिए उन्होंने शिक्षा और विज्ञान के साथ अन्य गतिविधियों में रुचि रखने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने की नीति बनाई थी। पंडित नेहरू का सपना था कि हमारे देश का भविष्य, हमारे बच्चे न केवल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट हों, बल्कि अन्य विधाओं में भी पारंगत हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पं नेहरू की सोच के अनुरूप शासकीय स्कूलों में बाल युवा क्लब स्थापित किए जाएंगे। क्लबों में खेल-कूद, कला, साहित्य, चित्रकला, लेखन, वाद-विवाद, सैन्य शिक्षा, बाल युवा संसद आदि गतिविधियों के जरिए बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षित शिक्षकों की सेवाएं ली जाएंगी। ये शिक्षक 14 से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों को उनकी रुचि के अनुरूप प्रशिक्षित करेंगे।

उन्होंने कहा कि स्कूलों में रेड-ब्लू हाउस बनाकर समान विधाओं में प्रशिक्षित बच्चों की प्रतियोगिताएं होंगी। इससे उत्कृष्ट प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी और बच्चे अपने कौशल से देश-विदेश में अपनी विधाओं में स्वीकार्यता पाएंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने राजधानी के रोशनपुरा क्षेत्र में स्थित पं नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, साथ ही उनका स्मरण किया।