मनमोहन सिंन ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया

 जयपुर, 13 अगस्त (आईएएनएस)| पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को राज्यसभा की सदस्यता के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। राजस्थान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी के निधन के बाद ऊपरी सदन में एक सीट खाली हो गई है।

  निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि सीट के लिए उपचुनाव 26 अगस्त को होगा। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त है और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 19 अगस्त है।

नामांकन करने पहुंचे मनमोहन सिंह (86) के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अविनाश पांडे भी मौजूद थे।

मंगलवार सुबह पहुंचे मनमोहन सिह का गहलोत ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

मनमोहन सिंह लगभग तीन दशकों से असम से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य रहे हैं। उनका कार्यकाल 14 जून को समाप्त हो चुका है।

अगर मनमोहन सिंह राजस्थान से चुने जाते हैं, तो वह तीन अप्रैल, 2024 तक राज्यसभा सदस्य होंगे।

कांग्रेस को राज्य विधानसभा में बहुमत प्राप्त है, जिससे मनमोहन सिंह के लिए उपचुनाव जीतना आसान है।

राजस्थान विधानसभा में 200 सीटें हैं, जिनमें से दो खाली हैं।

कांग्रेस के पास 100 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के पास एक सीट है।

इसके अलावा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 72, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के छह सदस्य हैं। वहीं भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी), माकपा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के दो-दो सदस्य हैं। जबकि 13 विधायक निर्दलीय हैं और दो सीटें खाली हैं।

कांग्रेस को 13 में से 12 निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ ही बसपा विधायकों का समर्थन प्राप्त है।