भारत में कोविड के 53,256 नए मामले, 24 घंटे में 1,422 लोगों की मौत

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। भारत में कोविड-19 के मामलों में गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 53,256 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जो 24 मार्च के बाद से सबसे कम है। इसी अवधि में, 1,422 लोगों की मौत की सूचना है। इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को दी।

पिछले दो महीनों में यह लगातार चौथा दिन है जब मरने वालों की संख्या 2,000 के नीचे है। यह लगातार 14वां दिन भी है जब भारत में एक लाख से कम नए कोरोनोवायरस मामले सामने आए हैं।

भारत में 24 मार्च को, कोविड के 53,476 मामले दर्ज किए थे।

देश में कोविड-19 मामलों की कुल संख्या अब 2,99,35,221 हो गई है।

कोरोना के सक्रिय मामले अब 8 लाख से नीचे आ गए हैं। देश में वर्तमान में 7,02,887 सक्रिय मामले हैं और अब तक 3,88,135 मौतें हो चुकी हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 78,190 लोगों को छुट्टी दी गई है, जिससे अब तक कुल 2,88,44,199 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 28,00,36,898 लोगों को टीका लगाया गया है, जिनमें पिछले 24 घंटों में 30,39,996 लोगों को टीका लगाया गया है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार, कोविड-19 के लिए 20 जून तक 39,24,07,782 नमूनों का परीक्षण किया गया है। इनमें से रविवार को 13,88,699 नमूनों की जांच की गई।

–आईएएनएस

एसएस/आरजेएस