भारत में कोविड के 15 हजार नए मामले

नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस के 15,223 नए मामले सामने आए, जिसके बाद देश में कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 1,06,10,883 हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को ये जानकारी दी।

पिछले 14 दिनों से देश में कोविड-19 के 20 हजार से कम मामले रिकॉर्ड हो रहे हैं। और मरने वालों की संख्या भी 300 से कम है।

आंकड़ों के मुताबिक, देश में 24 घंटों में 151 मरीजों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 1,52,869 हो गई है।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 1,02,65,706 लोग अब तक इस बीमारी से ठीक हो गए हैं। देश में फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या दो लाख से कम 1,92,308 है। रिकवरी रेट 96.70 फीसदी है, जबकि मृत्यु दर 1.44 फीसदी है।

देश में 72 फीसदी मामले 6 राज्यों से सामने आ रहे हैं जिनमें केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक शामिल हैं।

अभी तक देश में 8,06,484 लोगों को कोविड-19 निरोधक टीका लगाया जा चुका है। बुधवार को 1,31,649 लोगों को टीका लगाया गया।

–आईएएनएस

एसकेपी