भारतीय फुटबाल टीम के पूर्व खिलाड़ी अशोक चटर्जी का निधन

 कोलकाता, 22 फरवरी (आईएएनएस)| भारतीय फुटबाल टीम के पूर्व खिलाड़ी अशोक चटर्जी का शनिवार को 78 साल की उम्र में निधन हो गया।

 वह 1965 और 1966 में मेरडेका कप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। वह अपने पीछे पत्नी और बेटे संदीप को छोड़ गए।

भारतीय टीम के लिए 30 मैच खेलने वाले चटर्जी ने जापान के खिलाफ मेरडेका कप-1965 में दूसरे हाफ में पीके बनर्जी का स्थान लेने के साथ ही पदार्पण किया था। राष्ट्रीय टीम के लिए उन्होंने 10 गोल किए।

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा, “यह सुनकर दुख हुआ की अशोक चटर्जी का निधन हो गया। वह कई फुटबाल खिलाड़ियों के लिए प्ररेणास्त्रोत थे। उनकी आत्म को शांति मिले।”

उन्होंने 1966 में बैंकॉक में खेले गए एशियाई खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

राष्ट्रीय टीम के अलावा चटर्जी मोहन बागान के लिए भी खेले थे। वह पहले 1961 से 1968 तक क्लब में रहे और फिर 1972 में एक बार फिर क्लब की जर्सी में दिखे। क्लब के लिए उन्होंने 85 गोल किए। इस दौरान वह मोहन बागान के साथ 1962, 1963, 1964, 1965 में कलकत्ता फुटबाल लीग का खिताब जीतने में सफल रहे। उन्होंने 963, 1964, 1965 में डुरंड कप भी जीता।

2019 में वह मोहन बागान लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजे गए।

1969 से 1971 तक वह मोहन बागान के प्रतिद्वंद्वी क्लब ईस्ट बंगाल में भी रहे। इस क्लब के लिए उन्होंने 39 गोल किए। 1970 और 1971 में उन्होंने ईस्ट बंगाल के साथ कलकत्ता फुटबाल लीग का खिताब जीता।

वह 1964, 1966 और 1967 में संतोष ट्रॉफी में उप-विजेता रहनी वाली बंगाल टीम का भी हिस्सा थे।