भारतीय छात्र संसद : वेंकैया नायडू, जग्गी वासुदेव सहित कई हस्तियां लेंगी हिस्सा

 नई दिल्ली, 14 फरवरी (आईएएनएस)| पहली बार दिल्ली में भारतीय छात्र संसद का आयोजन हो रहा है।

  यह आयोजन एमआईटी स्कूल ऑफ गवर्नमेंट की ओर से हो रहा है। यह जानकारी भारतीय छात्र संसद और स्कूल ऑफ गवर्नमेंट के संस्थापक राहुल विश्वनाथ कराड ने दी। यह आयोजन 20 फरवरी से 23 फरवरी तक नई दिल्ली के विज्ञान भवन में किया जाएगा। इस बार के आयोजन में देश के कुल 24 राज्यों के 2,000 से भी ज्यादा छात्र और 400 विश्वविद्यालय हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि चार दिवसीय आयोजन में उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, आठ जाने-माने शिक्षाविद, आठ विधानसभाओं के स्पीकर, आठ केंद्रीय मंत्रियों के अलावा श्री श्री रविशंकर, सदगुरू जग्गी वासुदेव, बाबा रामदेव व कमलेश पटेल जैसे आध्यात्मिक गुरु भविष्य के संभावित राजनीतिज्ञों से संवाद करेंगे। यह आयोजन राजनीति में जाने के इच्छुक युवाओं को सीखने-समझने का मौका देता है।

उन्होंने बताया कि भारतीय युवा संसद की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री के तौर पर भी सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भारतीय छात्र संसद में विभिन्न विषयों पर कुल आठ सत्र होंगे। इनमें कास्ट टू क्लास, आपातकाल और नक्सलवाद, 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी आदि मुद्दों पर चर्चा होगी।

कराड ने कहा कि पश्चिमी देशों के लोकतंत्र के उलट भारत की सबसे बड़ी खासियत है कि यहां पंचायत से लेकर संसद तक तकरीबन 33 लाख चुने हुए प्रतिनिधि मौजूद हैं। ऐसे में यह संस्थान लोकतंत्रिक प्रकिया को समझने में मदद करती है।