भाजपा 6 जुलाई से सदस्यता अभियान शुरू करेगी

 नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह जुलाई से अपना सदस्यता अभियान शुरू करेगी और यह 10 अगस्त तक जारी रहेगा।

  छह जुलाई को भाजपा के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती होती है। भगवा पार्टी का दावा है कि वर्तमान में उसके 11 करोड़ सदस्य हैं।

पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनावों में भारी जीत के बाद भाजपा उन क्षेत्रों में अपना आधार फैलाने की तैयारी कर रही है, जहां पार्टी अब तक कमजोर है।

उन्होंने कहा, “सक्रिय सदस्यता (सदस्य जो पार्टी की गतिविधियों में भाग लेंगे) के लिए कार्यक्रम 16 से 31 अगस्त तक चलेगा और इसका लक्ष्य सदस्यों की संख्या 20 फीसदी बढ़ाने का है, जो 2.20 करोड़ है।”

शिवराज सिंह चौहान सदस्यता अभियान के संयोजक हैं। उन्होंने कहा कि हमारा ध्यान ज्यादा से ज्यादा युवाओं व समाज के सम्मानित लोगों को पार्टी में शामिल करने पर है।

उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान मिस्ड कॉल के माध्यम से भी किया जाएगा और पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर के सदस्यों से मिलेंगे, जिससे उनकी प्रामाणिकता को सत्यापित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, कश्मीर घाटी, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और सिक्किम पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

चौहान ने कहा कि 17 जून को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पार्टी मुख्यालय पर सदस्यता अभियान समिति का मार्गदर्शन करने के लिए बैठक करेंगे।