भाजपा में इस्तीफों का दौर शुरू ही

दो और पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

पिम्परी। स्थायी समिति अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन पत्र दाखिल करने से सत्ताधारी भाजपा में शुरू हुआ इस्तीफों का दौर खत्म नहीं हो रहा है। महापौर और दो नगरसेवकों के बाद अब विधायक महेश लांडगे समर्थक दो और पदाधिकारियों ने अपने पदों के इस्तीफे सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। पार्टी में मचे घमासान और दोफाड़ की स्थिति को रोकना भाजपा के शीर्ष नेताओं के लिए किसी चुनौती से कम साबित नहीं होगी।

मनपा की क्रीड़ा समिति सभापति लक्ष्मण सस्ते और शहर सुधार समिति सभापति सागर गवली ने भी अपने अपने पदों से इस्तीफे दिए हैं। खुद सस्ते ने इस खबर की पुष्टि की है। ये दोनों भी भोसरी विधानसभा क्षेत्र से हैं और विधायक महेश लांडगे के समर्थकों में शुमार हैं। उनसे पहले लांडगे समर्थक महापौर नितिन कालजे और स्थायी समिति सदस्य राहुल जाधव के साथ भाजपा के पुराने निष्ठावान गुट के शीतल शिंदे ने अपने अपने पदों से इस्तीफे दिए हैं।

स्थायी समिति अध्यक्ष पद हेतु विधायक व भाजपा शहराध्यक्ष लक्ष्मण जगताप की समर्थक ममता गायकवाड़ को प्रत्याशी घोषित किया गया। आज भाजपा की ओर से उनका अकेले का नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इसके बाद से सत्ताधारी भाजपा में घमासान छिड़ गया है और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। अपने समर्थक राहुल जाधव को न्याय नहीं दिला सकने के सदमे में विधायक महेश लांडगे को ब्लड प्रेशर की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इससे उनके समर्थकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उनकी नाराजगी सत्ताधारी भाजपा के लिए सिरदर्द साबित हो चली है।