बॉलीवुड हस्तियों ने 26/11 के शहीदों को याद किया

मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड हस्तियों ने गुरुवार को 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले की भयावहता को याद किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने शहर को बचाने की कोशिश में अपना जीवन तक कुर्बान कर दिया।

26 नवंबर, 2008 को आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 पाकिस्तानी आतंकवादी समुद्री रास्ते से मुंबई में घुस आए थे और उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में 160 से अधिक लोगों की हत्या कर दी थी। हमले के दौरान नौ आतंकवादी मारे गए, जबकि मोहम्मद अजमल कसाब नामक आतंकी को गिरफ्तार कर लिया गया। कसाब को नवंबर 2012 में फांसी दी गई।

आतंकवादियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन, ताज महल पैलेस होटल, कैफे लियोपोल्ड, कामा और अल्बलेस अस्पताल, नरीमन हाउस और ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल जैसे प्रमुख स्थानों पर आम लोगों को निशाना बनाया।

उस घटनाक्रम को याद करते हुए सुपरस्टार अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, मुंबई के लोग 26/11 को कभी नहीं भूलेंगे। मुंबई आतंकी हमले के शहीदों और पीड़ितों को मेरी श्रद्धांजलि। हम जवानों के सर्वोच्च बलिदान के लिए हमेशा कृतज्ञ रहेंगे।

माधुरी दीक्षित ने पोस्ट किया, हैश टैग 26/11 मुंबई आतंकी हमला। 12 साल पहले इस दिन हमारी सुरक्षा के लिए अपनी जान देने वाले वीरों को याद करते हुए, मैं उनकी भावना और बहादुरी को सलाम करती हूं। उनके बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए।

वहीं गीतकार प्रसून जोशी ने शहीदों को श्रद्धांजलि के रूप में उनके द्वारा सुनाई गई एक कविता का वीडियो साझा किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अभिनेता रणवीर शौरी और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने भी हमले के पीड़ितों और शहीदों के लिए दुआ करते हुए कहा कि वे उनकी कुर्बानी को कभी नहीं भूल पाएंगे।

अभिनेता अनुपम खेर ने हिंदी में ट्वीट करते हुए लिखा, मुंबई में 26/11 को क्या हुआ था, ये दुनिया कभी नहीं भूलेगी और हम हिंदुस्तानी तो बिल्कुल भी नहीं। इस आतंकवादी हमले में जिन्होंने अपनी जान गंवाई और जिन्होंने अपनी जानें दी, उन्हें मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। न भूलेंगे और न ही भूलने देंगे।

इसके अलावा अभिनेता रणदीप हुड्डा ने 26/11 हमले के बम निरोधी दस्ते का एक वीडियो साझा किया, जिसने हमलों के दौरान कई बमों तथा आरडीएक्स का पता लगाने में मदद की थी। हुड्डा ने ट्वीट किया मुंबई हमले के बाद 12 साल बीत गए। शहीद और पीड़ित हमेशा यादों में रहेंगे।

इसके साथ ही उर्मिला मातोंडकर, राहुल बोस और गुलशन देवैया ने भी 2008 में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

–आईएएनएस

एकेके/एसजीके