बेसलाइन वेंचर्स से जुड़े सौरभ और जोशना

नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)| खिलाड़ी प्रबंधन कंपनी बेसलाइन वेंचर्स ने भारतीय स्टार स्क्वॉश खिलाड़ी सौरभ घोषाल और जोशना चिनप्पा के साथ करार किए जाने की घोषणा की है। सौरभ और जोशना ने हाल ही में एशियाई चैंपियनशिप में क्रमश: पुरुष व महिला वर्ग का खिताब जीता था। सौरभ विश्व रैकिंग में शीर्ष-10 में पहुंचने वाले पहले भारतीय हैं।

वहीं, जोशना पिछले 15 वर्षों से पदक जीतती आ रही हैं। उन्होंने 2014 में दीपिका पल्लीकल के साथ ग्लासगो में भारत के लिए पहला राष्ट्रमंडल खेल स्वर्ण पदक जीता था।

सौरभ और जोशना से पहले पीवी सिंधु, पंकज आडवाणी, पृथ्वी शॉ, स्मृति मंधाना और रवींद्र जडेजा जैसे स्टार भारतीय खिलाड़ी इस कंपनी से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा टेबल टेनिस स्टार जी.साथियान, तैराक साजन प्रकाश, निशानेबाज अपूर्वी चंदेला और सौरभ चौधरी हाल ही में इस कंपनी से जुड़े हैं।

बेसलाइन वेंचर्स के सह-संस्थापक विशाल जैसन ने कहा, “सौरव और जोशना अपने खेल में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हैं और यकीनन इस देश में सर्वश्रेष्ठ स्क्वैश प्रतिभा है। उनका हमारे साथ होना गर्व की बात है।”