बिहार : वशिष्ठ का जद (यू) प्रदेश अध्यक्ष बनना तय, नामांकन का पर्चा भरा

पटना, 19 सितंबर (आईएएनएस)| जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पर्चा भरा। नामांकन पत्र भरने की समयावधि समाप्त होने तक एकमात्र नामांकन पत्र भरे जाने के बाद सिंह का लगातार तीसरी बार इस पद पर चुना जाना तय माना जा रहा है। सिंह गुरुवार को प्रदेश के पार्टी मुख्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। गुरुवार को ही नामांकन पत्रों की जांच-पड़ताल भी होनी है।

इस अवसर पर राज्य के मंत्री श्याम रजक, राज्यसभा सदस्य आर.सी.पी. सिंह और जद (यू) के प्रवक्ता संजय सिंह मौजूद थे। सिंह साल 2010 में पहली बार इस पद के लिए चुने गए थे।

प्रवक्ता संजय ने कहा कि वशिष्ठ नारायण सिंह के अलावा किसी ने भी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है। प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव शुक्रवार को होना है।

सिंह पार्टी के प्रमुख और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नजदीकी माने जाते हैं। नामांकन के समय उन्होंने कहा कि बिहार आगे बढ़ रहा है। नया बिहार बनाना है, लेकिन अभी बहुत काम बाकी है।