बिहार में 8 अवैध बंदूक कारखानों का भंडाफोड, 7 गिरफ्तार

मुंगेर, 14 अगस्त (आईएएनएस)| बिहार के मुंगेर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने आठ अवैध बंदूक कारखानों का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुंगेर के पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला ने यहां बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) हरिशंकर कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने मंगलवार रात कई स्थानों पर छापा मारा और आठ अवैध छोटे बंदूक कारखानों का भंडाफोड़ किया और सात लोगों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अवैध बंदूक कारखानों से आठ बेस मशीनें, चार अर्धनिर्मित पिस्तौल, कई गोली, सात पिस्तौल बैरल और हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरणों को जब्त किया। उन्होंने कहा कि छापामारी कासिम बाजार और नया रामनगर क्षेत्रों में किया गया। एसपी ने कहा कि गिरफ्तार लोगों में प्रभाकर कुमार, सुशील कुमार, धनुषधारी तांती, बलराम तांती, कर्ण कुमार, पिंटू कुमार साह तथा मुन्ना मंडल शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत नया रामनगर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है।