बिहार : फरार विधायक अनंत के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

 पटना, 20 अगस्त (आईएएनएस)| बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।

  अनंत सिंह के बाढ़ में नदवां गांव स्थित उनके पैतृक आवास से एके-47, जिंदा कारतूस और ग्रेनेड बरामद होने के मामले में पुलिस विधायक की खोज में लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच, मंगलवार को पटना की एक अदालत ने विधायक की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी कर दिया। पटना के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कांतेश कुमार मिश्र ने मंगलवार को बताया कि विधायक की तलाश में विशेष जांच टीम का गठन किया गया है तथा विभिन्न थानों की पुलिस संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

उन्होंने बताया कि विधायक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।

इस बीच, बाढ़ व्यवहार न्यायालय के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने बाढ़ थाना कांड संख्या 389/19 में विधायक के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में वारंट जारी कर दिया है।

बाढ़ न्यायालय के सहायक लोक अभियोजक एस़ रहमान ने बताया कि विधायक अनंत सिंह के खिलाफ अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शनिवार को अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी करने के लिए प्रार्थना की थी।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि विधायक के नाते-रिश्तेदारों और करीबी लोगों के घर पुलिस छापे मार रही है। इस क्रम में बाढ़, बेढना, नवादा, खुसरुपुर, सहनौरा, मोकामा, घोसवरी सहित अन्य स्थानों पर छापे मारे गए। पटना में भी कुछ स्थानों पर छोपमारी की गई है। इसके अलावा सभी संभावित ठिकानों पर पुलिस नजर रख रही है।

उल्लेखनीय है कि मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह के नदवां स्थित आवास पर शुक्रवार को छापा मार कर पुलिस ने प्रतिबंधित एके-47 राइफल और दो ग्रेनेड बरामद किए थे।

इस मामले में बाढ़ थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने शनिवार रात विधायक के पटना स्थित सरकारी आवास पर दबिश दी, लेकिन तब तक वह वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने विधायक के आवास से एक तलवार बरामद की तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।

इस बीच, विधायक ने वीडियो जारी कर कहा कि वह निर्दोष हैं और तीन-चार दिनों के अंदर अदालत में समर्पण कर देंगे।

उल्लेखनीय है कि अनंत सिंह पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी थे। वह जनता दल (यूनाइटेड) से भी विधायक रह चुके हैं। साल 2015 के विधानसभा चुनाव से पहले वह जद (यू) से अलग हो गए थे। इस बार के लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह मुंगेर संसदीय क्षेत्र से जद (यू) के ललन सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरी थीं, परंतु उन्हें हार का सामना करना पड़ा।