बिल्डर शहा हत्या मामले का मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार.

पुणे, नए साल के दूसरे सप्ताह में पुणे के रियल इस्टेट कारोबारी व बिल्डर देवेन शहा की हत्या के मामले के मुख्य आरोपी रहे राहुल चंद्रकांत शिवतारे (41) निवासी जाधवनगर, वडगांव बुद्रुक, पुणे को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार की रात उसके राजाराम पुल के पास रिक्शा स्टैंड के पास आने की खबर मिली थी। इसके अनुसार सिंहगढ रोड पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर उसे धरदबोचा। इससे पहले डेक्कन पुलिस ने इस मामले में रविंद्र सदाशिव चोरगे (41) निवासी निलपद्म सोसाइटी, अमृतनगर, माणिकबाग, सिंहगढ रोड, पुणे और सुरेंद्र शामकेर पाल (36) निवासी कस्टम मिल, आजादनगर, ठाणे को गिरफ्तार किया है।

13 जनवरी की रात डेक्कन के प्रभात रोड 7 में स्थित सायली अपार्टमेंट में बिल्डर देवेन शहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों की शिनाख्त रविंद्र चोरगे व राहुल शिवतारे के तौर पर हुई है और यह पूरी वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके फूटेज के आधार पर की गई खोजबीन के दौरान डेक्कन पुलिस ने जलगांव से चोरगे को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे 29 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेजने के आदेश दिए हैं। पूछताछ में उससे मिली जानकारी के अनुसार ठाणे से सुरेंद्र पाल को गिरफ्तार किया गया। बीती रात सिंहगढ पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी शिवतारे को भी गिरफ्तार कर लिया। उसने चोरगे के साथ मिलकर बिल्डर शहा की हत्या को अंजाम दिया था और इसमें इस्तेमाल किए गए असलहे सुरेंद्र पाल के पास छिपाए थे। अदालत में पेश करने पर शिवतारे को भी 29 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी के बाद शहा हत्याकांड की गुत्थी सुलझने के आसार हैं।