बालगन्धर्व पुनर्विकास पर पुणे- पिम्परी चिंचवड़ भाजपा में नया नाट्य मंचन!

पिम्परी। पुणे समाचार ऑनलाइन

ऐतिहासिक बालगन्धर्व रंगमन्दिर के पुनर्विकास परियोजना से जहाँ पुणे मनपा की सत्ताधारी भाजपा विपक्ष व सांस्कृतिक- सामाजिक- स्वयंसेवी संस्था संगठनों के निशाने पर है। वहीं भाजपा की ही पिम्परी चिंचवड़ इकाई ने बालगन्धर्व रंगमन्दिर का पुनर्विकास 10 करोड़ रुपये की लागत से सम्भव ही नहीं रहने का बयान देकर इस विवाद की आग को और भड़का दिया है। यह बयान विधायक व पिम्परी चिंचवड़ भाजपा के शहराध्यक्ष लक्ष्मण जगताप ने दिया है। इससे बालगन्धर्व पुनर्विकास के मुद्दे पर पुणे व पिम्परी चिंचवड़ भाजपा में नया नाट्य मंचन दिखने के आसार नजर आ रहे हैं।

गौरतलब हो कि, मोरे प्रेक्षागृह के नुतनिकरण हेतु 18 करोड़ का खर्च प्रस्तावित किया गया है। उसी में जब बालगन्धर्व रंगमन्दिर के लिये 10 करोड़ की पुनर्विकास योजना घोषित की गई तब मोरे प्रेक्षागृह के नुतनिकरण विवादों में घिर गया। इससे पिम्परी चिंचवड़ मनपा की सत्ताधारी भाजपा की दिक्कत बढ़ गई। इस पृष्ठभूमि पर पूछे गए सवाल के जवाब में उपरोक्त बयान देकर पुणे मनपा की सत्ताधारी भाजपा की दिक्कतों को बढ़ाने की कोशिश की गई है। इससे दोनों शहरों की भाजपा में घमासान छिड़ने के आसार नजर आ रहे हैं।

पिम्परी चिंचवड़ मनपा में सत्ता की सालगिरह पर चिंचवड़ के एक सितारा होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा शहराध्यक्ष व विधायक लक्ष्मण जगताप ने उपरोक्त बयान देते हुए दावा भी किया कि बालगन्धर्व रंगमन्दिर के पुनर्विकास की लागत 50 करोड़ तक पहुंचेगी। असल में उनसे सवाल किया गया था कि, बालगन्धर्व का पुनर्विकास 10 करोड़ रूपए में किया जा रहा है। वहीँ चिंचवड़ स्थित प्रो रामकृष्ण मोरे प्रेक्षागृह के नुतनिकरण पर 18 करोड़ का खर्च प्रस्तावित किया गया है। सांगवी में नटसम्राट नीलू फुले नाट्यगृह की लागत 35 करोड़ तक पहुंची थी। इसके जवाब में विधायक लक्ष्मण जगताप द्वारा दिया गया उपरोक्त बयान बालगन्धर्व पुनर्विकास के मुद्दे पर विवादों में घिरी पुणे मनपा की सत्ताधारी भाजपा के लिये सिरदर्द बढ़ानेवाला साबित होने की संभावना है।