बात नहीं सुनी तो सौतेली मां ने किशोरी को लोहे की गर्म छड़ से दाग दिया

ब्रह्मपुर : ओडिशा के गंजम जिले में 16 साल की एक किशोरी को लोहे की गर्म छड़ से इसलिए बेरहमी से दाग दिया गया, क्योंकि उसने कथित रूप से किसी आज्ञा का पालन नहीं किया था। इस मामले में किशोरी की सौतेली मां समेत छह महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। बैद्यनाथ पुलिस स्टेशन की प्रभारी अधिकारी दीप्ति रंजन प्रधान ने बताया कि कंभारपल्ली गांव में तीन दिन पहले एक लड़की को आरोपी महिलाओं ने एक कमरे में बंद कर दिया और लोहे की गर्म छड़ से उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों को कथित रूप से दाग दिया।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लड़की की सौतेली मां और अन्य ने शनिवार को उसे लोहे की गर्म छड़ से दागा, क्योंकि वह रात में देर से घर लौटी थी और उसने उनकी बात नहीं मानी। किशोरी को अगली रात पुलिस की मदद से चाइल्डलाइन कर्मचारियों ने बचाया और उसे यहां एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चाइल्डलाइन, ब्रह्मपुर के निदेशक सुधीर साबात ने बताया कि लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 342, 326 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। चाइल्डलाइन के केन्द्र समन्वयक हीराण्य रे ने इस मामले में पुलिस के समक्ष आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।