बर्लिन में लीबिया मुद्दे पर सीसी मिले पोम्पियो से

काहिरा, 20 जनवरी (आईएएनएस)| लीबिया मुद्दे के निपटारे को लेकर बर्लिन में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो से मुलाकात की। मिस्र के प्रेसिडेंसी ने एक बयान में यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने मिस्र के राष्ट्रपति के प्रवक्ता बासम रेडी के हवाले से रविवार को बताया कि पोम्पियो ने कहा कि वाशिंगटन क्षेत्र में मिस्र के राजनीतिक महत्व और लीबिया संकट के पहलुओं के बारे में जागरूकता के संदर्भ में लीबियाई मुद्दे पर काहिरा के साथ समन्वय बढ़ाने के लिए उत्सुक है।

लीबिया संकट पर एक दिवसीय बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने से ठीक पहले शुक्रवार को दोनों अधिकारियों की बैठक हुई।

बैठक के दौरान, सीसी ने कहा कि लीबिया मुद्दे का निपटारा केवल “एक व्यापक समाधान के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है जो स्पष्ट और विशिष्ट राजनीतिक, सुरक्षा और आर्थिक रास्तों के माध्यम से इस मुद्दे के सभी आयामों को सुलझाता है।”

ग्रैंड इथियोपियन रेनेसां डैम (जीईआरडी) को लेकर वाशिंगटन में मिस्र, इथियोपिया और सूडान के बीच हुई वार्ता में हाल की अमेरिकी मध्यस्थता के बारे में भी चर्चा हुई।

बयान के अनुसार, मिस्र ने बांध संबंधी वार्ताओं में अमेरिकी भूमिका की सराहना की और नील नदी के पानी पर मिस्र के अधिकारों को संरक्षित करने वाले जीईआरडी पर एक व्यापक समझौते पर पहुंचने की उम्मीद की।

अमेरिकी विदेश विभाग ने भी पोम्पियो और सीसी के बीच बातचीत पर एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा, “वे एक स्थायी संघर्ष विराम की तत्काल आवश्यकता और संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध राजनीतिक प्रक्रिया (लीबिया में) वापसी पर सहमत हुए।”