फेसबुक की दोस्ती में गंवाए 22 लाख

62वर्षीय महिला बनी ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार

पुणे। फेसबुक पर किसी अंजान शख्स से दोस्ती कितनी भारी पड़ सकती है, इसका अंदाजा आपको यह ख़बर पढ़ने के बाद लग जाएगा। हडपसर निवासी एक 62 वर्षीय महिला ऑनलाइन दोस्ती के जाल में फंसकर अपने 22 लाख 52 हजार रुपए गंवा बैठी और जब तक उसे इस बात का आभास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला ने फ़िलहाल पुलिस का दरवाज़ा खटखटाया है।  जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बेरी ग्रिफिन नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर पीड़ित महिला से दोस्ती की। विदेशी होने के चलते महिला को ज्यादा शक नहीं हुआ और वो उसकी बातों के जाल में फंसती चली गई।

ऐसे फंसी जाल में

आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वो सामाजिक कार्य के चलते भारत आ रहा है। फिर उसने महिला से कहा कि उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों द्वारा पकड़ लिया गया है और इसके लिए उसे 22 लाख 52 हजार रुपए की ज़रूरत है। पीड़ित महिला ने बिना कुछ सोचे समझे उसके बैंक अकाउंट में रकम जमा करा दी। पैसे ट्रांसफर होते ही आरोपी ने अपना मोबाइल फ़ोन बंद कर दिया, इसके बाद अपना फेसबुक प्रोफाइल भी डिलीट कर दिया। तब महिला को अहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उसने पुलिस में मामला दर्ज़ करवाया।