प्लास्टिक व जल संचय पर जागरूकता के लिए छात्र की 900 किमी मैराथन दौड़

 नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)| प्लास्टिक मुक्त भारत व जल संचय पर जागरूकता फैलाने के लिए केंद्रीय विद्यालय के एक छात्र ने 900 किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ लगाई।

  केंद्रीय विद्यालय संख्या 2, जीसीएफ जबलपुर में सातवीं कक्षा के छात्र हर्ष पंडित ने यह मैराथन 18 दिन में पूरी की है। हर्ष पंडित जबलपुर से मैराथन दौड़ शुरू की और बुधवार शाम वे इंडिया गेट पर पहुंचे।

हर्ष पंडित ने जबलपुर से 26 जनवरी, 2020 को दौड़ शुरू की थी। इस मैराथन का उद्देश्य प्रदूषण और प्लास्टिक मुक्त भारत तथा जल संरक्षण का संदेश देना था।

इंडिया गेट के अमर जवान ज्योति स्थल पर केन्द्रीय विद्यालय के छात्रों एवं शिक्षकों की भीड़ ने हर्ष का जोरदार स्वागत किया। हर्ष के पिता हिमांशु पंडित भी मैराथन दौड़ में अपने पुत्र का साथ दे रहे थे। अपने अंतिम लक्ष्य तक पहुंचने के क्रम में हर्ष ने प्रतिदिन औसतन 50 किलोमीटर की दूरी तय की।

इस लंबी मैराथन के पीछे अपने उद्देश्यों के बारे में हर्ष ने कहा, “मैं प्लास्टिक मुक्त भारत और जल संरक्षण के संदेश को फैलाने के लिए प्रेरित हुआ। इस लक्ष्य को पाने के लिए मेरे पिता ने मेरा पूरा साथ दिया। नैतिक समर्थन प्रदान करने के लिए मैं अपने शिक्षकों और प्रधानाचार्य का आभारी हूं।”

केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने अपने संदेश में कहा, “मैं हर्ष और उनके पिता हिमांशु जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। आप देश के सभी बच्चों के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं।”

मानव संसाधन विकास मंत्रालय के मुताबिक हर्ष का नाम गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड के लिए सुझाए जाने की संभावना है।

केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री निशंक ने जबलपुर से दिल्ली तक दौड़ लगाने के लिए हर्ष की सराहना की। निशंक ने हर्ष से मुलाकात भी की। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त भारत तथा जल संरक्षण की दिशा में इस जागरूकता को आगे बढ़ाने के लिए छात्र तथा उसके परिजनों को प्रेरित किया। मानव संसाधन विकास मंत्री ने सभी छात्रों से कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूकता अभियान चलाएं।

केन्द्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त संतोष कुमार मल्ल ने केन्द्रीय विद्यालय संगठन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इंडिया गेट पर युवा एथलीट का स्वागत किया। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त भारत तथा जल संरक्षण के संकल्प के लिए इस लंबी मैराथन को पूरा करने के लिए छात्र और उसके परिजनों को बधाई दी।