प्रियंका हर तरह से अतुलनीय है : निक जोनास

लॉस एंजिलस, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)| गायक निक जोनास ने गुरुवार को अपनी पत्नी प्रियंका चोपड़ा जोनास के साथ पहली बार करवा चौथ मनाया। निक का कहना है कि उनकी पत्नी हर तरह से अतुलनीय है और प्रियंका ने उन्हें भारतीय संस्कृति और उनके धर्म के बारे में बहुत कुछ सिखाया है।

निक ने शुक्रवार को ट्विटर पर प्रियंका के साथ खुद की दो तस्वीरें साझा की। तस्वीर में दोनों भारतीय परिधान में नजर आ रहे हैं।

निक ने तस्वीर को कैप्शन देते हुए लिखा, “मेरी पत्नी भारतीय है। वह हिंदू है, और वह हर तरह से अविश्वसनीय है। उसने मुझे अपनी संस्कृति और धर्म के बारे में बहुत कुछ सिखाया है। मैं उसे बहुत प्यार करता हूं और उसकी प्रशंसा करता हूं। जैसा कि आप देख सकते हैं कि हमने साथ में मस्ती की है। सभी को करवा चौथ की शुभकामनाएं।”

बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका चोपड़ा ने निक के साथ 2018 में राजस्थान में शादी की थी। प्रियंका हाल ही में रिलीज हुई शोनाली बोस की ‘द स्काई इज पिंक’ में नजर आई हैं।