प्रियंका की गिरफ्तारी में झलक रहा भाजपा का अहंकार : कांग्रेस

 नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)| कांग्रेस ने शुक्रवार को अपनी नेता प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की निंदा की।

 प्रियंका को उस वक्त हिरासत में ले लिया गया, जब वह सोनभद्र जिले में जातिगत हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने जा रही थीं। कथित भूमि विवाद को लेकर गुर्जरों ने 17 जुलाई को गोंड समुदाय के 11 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा कि योगी आदित्यनाथ के सत्ता संभालने के बाद से उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध के खिलाफ प्रियंका गांधी आवाज उठाती रही हैं, इसलिए द्वेषपूर्ण भावना से उन्हें गिरफ्तार करवाया गया।

वेणुगोपाल ने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार का यह घमंडी व ढुलमुल रवैया राज्य में आपराधिक गतिविधियों को रोकने में उनकी नाकामी को उजागर कर रहा है। सरकार विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवारों तक पहुंचने से रोकने की कोशिश कर रही है और जनता से सच्चाई छिपाई जा रही है।”