प्रधानमंत्री के साथ रांची में मनाया गया इको-फ्रेंडली योग दिवस

रांची, 21 जून (आईएएनएस)| झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को इको-फ्रेंडली योग दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों का नेतृत्व किया। झारखंड सरकार ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “यह रांची में मनाया गया एक प्लास्टिक-मुक्त योग दिवस था। किसी भी प्लास्टिक से बनी वस्तु का प्रयोग इसमें नहीं किया गया। योग मैट खादी से बनाए गए थे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए रांची ने दुनिया को एक संदेश दिया।”

अधिकारियों ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि ‘भगवा खादी मैट’ कहां से मंगवाए गए थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने रांची के प्रभात तारा मैदान में लगभग 30 हजार लोगों के साथ योगाभ्यास किया।

योग सत्र के शुरू होने से कुछ समय पूर्व ही प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “हमारा मकसद शांति, सद्द्भाव और प्रगति के लिए योग है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अब शहरों से गांवों तक आधुनिक योग का संदेश पहुंचाना चाहते हैं।

साथ ही उन्होंने कहा कि गरीब और आदिवासी समुदायों के घरों में भी आधुनिक योग का संदेश पहुंचे ऐसी उनकी चाहत है।

उन्होंने जोर दिया कि योग को गरीबों और आदिवासियों के जीवन का हिस्सा बनना चाहिए, क्योंकि वे बीमारी के कारण सबसे ज्यादा पीड़ित हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बदलते समय के साथ, हमारा ध्यान बीमारी को रोकने के अलावा कल्याण पर भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग यह ताकत दे सकता है।

एक 14 वर्षीय लड़के ने कहा, “मैंने अपने प्रधानमंत्री को बेहद करीब से देखा। यह मेरी जिंदगी का महान पल था।”