प्रधानमंत्री, अन्य नेताओं ने राजीव गांधी को याद किया

 नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी व पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व अन्य ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी।

  मोदी ने ट्वीट किया, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि।”

मनमोहन सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक व वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ भारत के नई सहस्राब्दी में प्रवेश करने को एक दिशा दी। राजीव गांधी 1984 से 89 तक प्रधानमंत्री रहे।

एक समारोह में मनमोहन सिंह ने राजीव गांधी को एक वास्तविक दूरदर्शी बताया। वह बहुत ही व्यावहारिक और मेहनती व्यक्ति थे। यह विजन और व्यावहारिक समझ जुनून और कड़ी मेहनत का एक संयोजन था, जिसने उन्हें थोड़ समय में बहुतों का प्रिय बना दिया।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी व महासचिव व बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजीव गांधी को वीरभूमि जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रणब मुखर्जी, मनमोहन सिंह व पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने राजीव गांधी को वीरभूमि जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

राहुल गांधी ने कहा कि उनके पिता ने कभी किसी से घृणा करने की सीख नहीं दी।

उन्होंने कहा, “आज हम राजीव गांधी जी की 75वीं जयंती मना रहे हैं, एक देशभक्त और एक दूरदर्शी, जिनकी दूरदर्शिता ने भारत का निर्माण करने में मदद की है। मेरे लिए, वह एक प्यार करने वाले पिता थे जिन्होंने मुझे कभी किसी से नफरत नहीं करने की सीख दी और सभी प्राणियों को माफ करना व प्यार करना सिखाया।”

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, “मेरे पिता से मैंने सीखा कि कैसे लोगों की बातों को सुना जाए, अपने दिल में उनके लिए कैसे जगह बनाई जाए, भले ही वे मुझसे कितने भी अलग और विरोधाभासी हों। मैंने उनसे सीखा कि कैसे हंसते रहना और चलते रहना है, भले ही रास्ता कितना भी कठिन हो।”

मनमोहन सिंह ने जानी-मानी हस्तियों व संगठनों को राजीव गांधी जन्म पंच सप्तति पुरस्कार दिया। यह पुरस्कार बीते एक दशक में समाज में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किए गए।

उन्होंने कहा, “‘राजीव जी जिन मूल्यों के साथ जीते थे, वे मूल रूप से हमारे राष्ट्रीयता को परिभाषित करने वाले मूल्य थे-एक व्यापक धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण, सहिष्णुता की भावना, समाजिक सौहार्द की प्रतिबद्धता व सहानुभूति।”

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, “राष्ट्र निर्माण में आप के योगदान को भारत याद करता है और आपकों हमेशा याद करेगा, राजीव जी।”

राजीव गांधी की मई 1991 में कांग्रेस के तमिलनाडु के श्रीपेरंबदुर में प्रचार के दौरान एक आत्मघाती हमलावर द्वारा हत्या कर दी गई।