प्रदूषण मुक्ति हेतु कचरा प्रबंधन जरुरी: डॉ. शास्त्री

पुणे : प्रकृति का संवर्धन करने के लिए हर व्यक्ति को ध्यान देना चाहिए। दूसरों के भरोसे न रहते हुए आनेवाली पीढ़ी को अच्छी सेहत, अच्छा भविष्य देने का प्रयास हम सबको मिलकर करना होगा। देश को प्रदूषण से मुक्त बनाने के लिए कचरे का निपटारा व उचित प्रबंधन करना आवश्यक है। यह प्रतिपादन कचरा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. समीर शास्त्री ने मराठी विज्ञान परिषद, महाराष्ट्र ज्ञान महामंडल और मुक्तांगण विज्ञान शोधिका केंद्र द्वारा आयोजित व्याख्यान में किया।

डॉ. शास्त्री ने आगे कहा कि,”शहर में कचरे की समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसके कारण नागरिकों को कई बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को प्रकृति का संवर्धन करना चाहिए। सभी ने मेरा घर कचरा मुक्त करने का संकल्प लेना चाहिए। गांव की तुलना में शहरी क्षेत्र में कचरे की समस्या गंभीर बनती जा रही है। इसका वर्गीकरण करने के बाद निपटारा होना चाहिए। कचरे का निपटारा करने के लिए कई परियोजनाएं चलाई जा रही हैं, मगर वे ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पा रही है। इसके लिए बायोगैस परियोजना सबसे अच्छी है।” इस अवसर पर परिषद के सह कार्यवाह संजय मालती कमलाकर, विज्ञान शोधिका के सह निदेशिका भारती बक्षी उपस्थित थे।