पूर्व सांसद, पंजाब केसरी के पत्रकार अश्विनी चोपड़ा का निधन

नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद और वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी कुमार चोपड़ा का शनिवार को गुरुग्राम में निधन हो गया है। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। उनके बेटे आकाश चोपड़ा ने आईएएनएस से कहा कि करनाल से लोकसभा सांसद रहे अश्विनी चोपड़ा कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे।

उन्होंने कहा, “करीब डेढ़ साल पहले उन्हें कैंसर हुआ था, जिसका इलाज चल रहा था। उनका शनिवार सुबह 11.40 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।”

वर्ष 1956 में जन्मे अश्विनी एक वरिष्ठ पत्रकार थे और वह हिंदी के समाचार पत्र पंजाब पंजाब केसरी के दिल्ली में स्थानीय संपादक भी रहे। 16वीं लोकसभा के लिए वह हरियाणा के करनाल से भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर निर्वाचित हुए थे। पत्रकारिता में आने से पहले, वह रणजी ट्रॉफी में पंजाब के लिए अश्विनी मन्ना के नाम से खेलते थे।

उनके परिवार में पत्नी किरण चोपड़ा और तीन बेटे अर्जुन, आकाश और आदित्य चोपड़ा हैं।

परिजनों ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार दिल्ली स्थित निगमबोध घाट पर रविवार सुबह 10 बजे किया जाएगा।

पंजाब में आतंकवाद के समय उनके दादा लाला जगत नारायण और पिता रोमेश चंदर की क्रमश: वर्ष 1981 व 1984 में हत्या कर दी गई थी।