पुणे महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त राजेंद्र निंबालकर

पुणे : पुणे समाचार

पार्षदों की राशि रोकने पर चर्चा में आए उल्हास नगर महापालिका के आयुक्त राजेंद्र निंबालकर का तबादला 16 मार्च को राज्य शासन ने पुणे महापालिका के अतिरिक्त आयुक्त के रूप में किया था जिसके सूत्र उन्होंने आज संभाल लिए हैं।

ज्ञातव्य है कि पुणे महापालिका की अतिरिक्त आयुक्त प्रेरणा देशभ्रतार का तबादला लगभग एक महीना पहले मंत्रालय में किया गया था और तभी से यह चर्चा थी कि इस पद पर कौन विराजमान होता है। राज्य शासन ने 16 मार्च को राजेंद्र निंबालकर का तबादला पुणे महापालिका के अतिरिक्त आयुक्त के रूप में किया। अब तक वे उल्हास नगर महापालिका के आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। हालाँकि इससे पहले वे पुणे महापालिका के कर विभाग का जिम्मा संभाल चुके हैं। उसके बाद म्हाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के विशेष पद पर भी उन्होंने काम किया है। राजेंद्र निंबालकर को तबादले के आदेश मिलते ही उन्होंने पुणे महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त का पदभार संभाला। इस अवसर पर निंबालकर ने कहा, इससे पहले भी मैं पुणे में कार्य कर चुका हूँ। उल्हास नगर के महापालिका आयुक्त के रूप में मुझे कार्यानुभव होने से पुणे महानगरपालिका के कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कर पाना संभव हो सकेगा।