पुणे बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद का चुनाव चौकोणीय

पुणे : पुणे जिला एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए हणमंत करजगीकर, भजनलाल निमगावकर, सुभाष पवार और प्रवीण येसादे मैदान में रह जाने से यह चुनाव चौकोणीय होना तय हो गया है। उपाध्यक्ष पद की दो सीटों के लिए भूपेंद्र गोसावी, संजीव जाधव, रेखा करंडे (दांगट), इब्राहिम शेख, सचिन झालटे (पाटिल) पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं सचिव पद की दो सीटों के लिए श्रीकृष्ण घुगे, लक्ष्मण घुले, गीतांजली कडते, विकास कांबले, संतोष शिंदे और नगमा टंडन के बीच टक्कर है। 17 फरवरी को बार एसोसिएशन के चुनाव घोषित हैं।

एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य की 10 सीटों पर लॉटरी प्रणाली से चेतन औरंगे, समीर भुंडे, आशिष गवारे, पंजाब जाधव, गणेश लेंडे, लक्ष्मी माने, प्रियदर्शनी परदेशी, योगेश पवार, रमेश राठोड और रफिक शेख का चुनाव हो चुका है। इन सीटों के लिए 31 नामांकन दाखिल हुए थे, जिसमें से छह नामांकन नामंजूर हो गए। चार महिलाओं समेत 25 प्रत्याशियों में आठ पुरुष व दो महिला प्रत्याशियों का चयन ड्रॉ से किया गया है। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष पद के लिए पूनम स्वामी और प्रतापराव मोरे, हिसाब जांचकर्ता पद हेतु नागेश जेधे और सुदाम मुरकुटे मैदान में हैं। एसोसिशन के भूतपूर्व अध्यक्ष एड. एनडी पाटिल इस चुनाव के मुख्य निर्वाचन अधिकारी घोषित हैं। वहीं एड. शिरीष शिंदे, एड. श्रीकांत आगस्ते, एड. हेमंत गुंड, एड. अभिजित भावसार, एड. सुप्रिया कोठारी, एड. अमोल जोग, एड. कालूराम भुजबल और एड. रवि पवार उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।