पिंपरी स्थायी समिति सभापति चुनाव की तस्वीर आज होगी साफ

पिंपरी। नए 8 सदस्यों की नियुक्ति के बाद जिसकी ओर काफ़ी उत्सुकता से देखा जा रहा है, पिम्परी चिंचवड मनपा स्थायी समिती अध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर कल (शनिवारी) साफ हो जाएगी। असल में 7 मार्च को होने वाले इस चुनाव के लिए कल दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक नामांकन पर्चा दाखिल किया जाना है। भाजपा सदस्यों की संख्या ज्यादा रहने से उसका सभापति चुना जाना तय है। अब उत्सुकता केवल इसकी है कि भाजपा की ओर से एक ही नामांकन दाखिल होगा या फिर उससे ज्यादा?

पिम्परी मनपा में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा को पहली बार सत्ता मिली। मनपा के तिजोरी की चाबियां रखने वाली स्थायी समिति के अध्यक्ष पद पर सीमा सावले विराजमान हुई। परम्परा के अनुसार ड्रा के जरिए सावले समेत 8 सदस्य समिति से बाहर हो गए और उनकी जगह पर नए सदस्यों की नियुक्ति हाल ही में सम्पन्न हुई सर्व साधारण सभा में की गई। अब 7 मार्च को नया अध्यक्ष चुना जाना है, जिसके लिए कल नामांकन पर्चे दाखिल किए जाने हैं। महाराष्ट्र स्पर्धाक्षम कृषि विकास प्रकल्प के निदेशक सुशील खोडवेकर इस चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी घोषित किये गए हैं।

मनपा में भाजपा को स्पष्ट बहुमत हासिल है, 16 सदस्यों वाली स्थायी समिति में भी उसके सर्वाधिक 11 सदस्य हैं। ऐसे में भाजपा का अध्यक्ष चुना जाना निश्चित है। उत्सुकता इस बात की है कि पार्टी हाइकमान किसे प्रत्याशी घोषित करती है? मौजूदा हालातों में शीतल उर्फ विजय शिंदे, विलास मडेगीरी, राहुल जाधव रेस में आगे हैं। पार्टी किसके नाम पर अपनी पसंद की मुहर लगाती है, यह देखना बाकी है। अगर प्रत्याशी को लेकर एकमत नहीं होता है तो सभी इच्छुकों के पर्चे दाखिल करवा कर फैसला चुनाव के दिन याने 7 मार्च तक टाला भी जा सकता है। कुल मिलाकर चुनाव की तस्वीर कल ही स्पष्ट हो सकेगी।