पाकिस्तान : खून का बदला खून के जुनून में मारे गए दो कबीले के 17 लोग

पेशावर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)| आज से 22 साल पहले ‘इज्जत’ के नाम पर हुई एक हत्या से शुरू हुई दुश्मनी ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 17 और लोगों की जान ले ली है। खून के बदले खून की यह भयावह घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टांक में हुई है। इलाके के दो कबीलों मरवात व बेतानी के बीच सालों से चली आ रही दुश्मनी में इससे पहले भी लोगों की जानें जा चुकी हैं।

पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पहले मरवात कबीले के दो लोगों को बेतानी कबीले के लोगों ने गोली मार दी। दोनों मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई।

इसके बाद मरवात कबीले के लोगों ने बेतानी के दो लोगों की हत्या कर दी। इसके बाद मरवात कबीले के लोगों ने उस बस को गोलियों से छलनी कर दिया जिसमें बेतानी कबीले के लोग सवार थे। इस हमले में कम से कम दस लोग मारे गए। कई लोग घायल हुए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि दोनों कबीलों के बीच खून का बदला खून का यह जुनून कई सालों से चला आ रहा है।