नागरिकता कानून के विरोध में हो रही हिंसा के खिलाफ कठोर करवाई हो : विहिप

नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)| विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने ‘नागरिकता कानून के विरोध में हो रही हिंसा’ के खिलाफ सरकार से करवाई की मांग की है। विहिप के महामंत्री मिलिंद परांजपे ने शुक्रवार को दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया, “झारखंड के लोहरदग्गा में मुस्लिम समुदाय की एक टोली ने नागरिकता कानून के समर्थन में हो रही एक रैली पर हमला किया, जिसमें 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इसमें कुछ पुलिस वाले भी घायल हुए हैं। सरकार दोषी लोगों के खिलाफ करवाई नहीं कर रही है।”

परांजपे ने यह आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि कुछ शक्तियां हिंसा का सहारा ले रही हैं, जो लोग हिंसा में लिप्त हैं उनके खिलाफ कठोर करवाई की जाए।

परांजपे ने आरोप लगाया कि नागरिकता कानून पर आंदोलन निर्देशित है। जिस तरह की हिंसा हो रही है, उससे सब्र का बांध टूट रहा है। हिंदू समाज पर हिंसा हो रही है और इसको राजनीतिक दल समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “समाज इससे निपटेगा।”

राम मंदिर पर ट्रस्ट बनाये जाने के सवाल पर मिलिंद परांजपे का कहना था की विश्व हिंदू परिषद के मॉडल पर ही मन्दिर का निर्माण हो।