दो सीटों पर सबसे बड़ी जीत की ओर आप

नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)| दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी बुराड़ी और ओखला सीट पर सबसे बड़ी जीत की ओर है, वहीं बिजवासन सीट पर सबसे कम वोटों से भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। बुराड़ी सीट पर आम आदमी पार्टी प्रत्याशी संजीव झा ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। पिछली बार 67950 वोट से जीतने वाले संजीव झा इस बार 87 हजार से भी अधिक वोटों से जीतने के करीब हैं। इस सीट का रिजल्ट कुछ ही समय में आने वाला है। संजीव झा को जहां 138417 वोट मिले हैं, वहीं एनडीए के कोटे से लड़े जनता दल (युनाइटेड) के शैलेंद्र कुमार को 50593 वोट मिले।

खास बात है कि शिवसेना से धर्मवीर को इस सीट पर 17875 वोट मिल गए। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, अभी इस सीट का रिजल्ट आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है।

ओखला यानी जिस विधानसभा क्षेत्र में शाहीनबाग आता है, वहां से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी अमानतुल्लाह खान 70 हजार से अधिक वोटों से आगे हैं। एक चक्र की गणना अभी बाकी है। अमानतुल्लाह को जहां 125668 वोट मिले हैं, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी ब्रह्म सिंह को फिलहाल 53200 ही हासिल हो पाए। पिछली बार अमानतुल्लाह 64532 वोटों से जीते थे। अभी इस सीट का रिजल्ट आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है।

लक्ष्मीनगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अभय वर्मा नजदीकी मुकाबले में महज 880 वोटों से आप प्रत्याशी नितिन त्यागी को हराने में सफल हुए हैं। वहीं बिजवासन में भी आप और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। यहां आम आदमी पार्टी प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह ने भाजपा प्रत्याशी को सिर्फ 753 वोटों से हराया।