देश को चूना लगानेवालों को मदद करती है सरकार : पृथ्वीराज चव्हाण

पुणे: पुणे समाचार
जिस तरह से विजय माल्या और ललित मोदी को देश से बाहर निकलने में मदद की गई, उसी तरह से पंजाब नेशनल बैंक के 11 हजार करोड़ डकारने वाले नीरव मोदी को मदद करने में सरकार जुटी है। देश को चूना लगाने वालों को ही मदद करने की भाजपा सरकार की नीति है। यह आरोप लगाते हुए वरिष्ठ कॉन्ग्रेस नेता व भूतपूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने आज पुणे में संवाददाताओं के साथ की गई बातचीत में मांग की कि, वित्तमंत्री अरुण जेटली को इसकी जिम्मेदारी स्वीकार कर अपना इस्तीफा दे देना चाहिए।

हायपर लूप केवल सपना भर है, लोगों को रोजगार की जरूरत है, सपनों की नहीं। किसानों की समस्या गंभीर है, मगर सरकार मैग्नेटिक महाराष्ट्र मनाने में मशगूल है। दो साल पहलर मेक इन महाराष्ट्र मनाया, उससे क्या हासिल हुआ? यह सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा, मेक इन महाराष्ट्र पूरी तरह से विफल रहा। केवल 838 प्रोजेक्ट पूरे हुए और 42 हजार 146 रोजगार बने। मगर फड़नवीस सरकार गलत आंकड़े पेश का भ्रमित बना रही है। 5 लाख के निवेश का दावा किया जा रहा है, मगर इसकी जानकारी छिपाई जा रही है।

महाराष्ट्र का विकास दर देश में आठवें नंबर पर है। पुणे में एप्पल फोन बनेंगें, जनरल मोटर्स का प्लांट लायेंगे, इन घोषणाओं का क्या हुआ? यह सवाल उठाते हुए चव्हाण ने ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स की रिपोर्ट के आधार पर खुलासा किया कि, अब मुंबई देश का आर्थिक केन्द्र नहीं रहा, बल्कि वह दिल्ली और गुड़गांव में चला गया है। अब मुंबई देश की आर्थिक राजधानी नहीं रही। उन्होंने यह फब्ती भी कसी कि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दबाव में काम करते हैं।