दिल्ली सरकार ने जारी की जेलों में बंद 115 किसानों की सूची (लीड-1)

नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने बुधवार को दिल्ली के विभिन्न जेलों में बंद 115 किसानों की सूची जारी की है। सीएम अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, जिन लापता लोगों के नाम इस सूची में नहीं है, उनकी तलाश करने का दिल्ली सरकार प्रयास करेगी। दिल्ली सरकार इस विषय पर उपराज्यपाल और केंद्र सरकार से भी बात करेगी।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली सरकार किसानों के साथ है और किसान आंदोलन से संबंधित लापता लोगों का पता लगा कर उनकी जानकारी परिवार वालों को देंगे। इस जारी सूची से पता लगा सकते हैं कि लापता लोग गिरफ्तार हैं, तो किस जेल में और कब से बंद हैं।

सीएम ने कहा कि, कई किसान संगठनों ने मुझसे संपर्क कर बताया है कि 26 जनवरी को किसान आंदोलन में हिस्सा लेने आए उनके परिवार के लोग वापस घर नहीं पहुंचे हैं और वे लापता हैं। ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में हुई घटना के बाद से लापता लोगों की तलाश कर उनके परिवार वालों को सूचित करने की सभी सरकारों का दायित्व है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि, पिछले कुछ दिनों से दिल्ली सरकार को कई लोगों ने संपर्क किया है कि उनके घर के लोग, जो दिल्ली किसान आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए आए थे, वे वापस घर नहीं पहुंचे हैं। किसान संगठनों के कुछ लोग कल शाम को भी मुझसे मिलने आए थे। इसके बाद हमने दिल्ली की अलग-अलग जेलों में किसान आंदोलन से संबंधित लोगों के बारे में पता किया है।

दिल्ली सरकार के मुताबिक, ऐसा संभव है कि जो लोग गायब हैं, उनको 26 जनवरी वाली घटनाओं को लेकर दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया हो और वे किसी जेल में हों और इस वजह से अपने घर के लोगों से संपर्क न कर पाए हों।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, किसान आंदोलन से संबंधित जिन लोगों को गिरफ्तार कर अलग-अलग जेलों में भेजा है, हमारी सरकार ने उन सभी लोगों की सूची बनवाई है। दिल्ली सरकार जन सूचना के लिए यह सूची जारी कर रही है। दिल्ली की अलग-अलग जेलों के अंदर जिन्हें दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा है, ऐसे 115 लोगों के सूची में नाम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, जिन-जिन लोगों के घर के लोग लापता हैं, वे यह लिस्ट देख सकते हैं। इस सूची से उनको पता चल जाएगा कि उनके घर के लोग कहीं गिरफ्तार तो नहीं हो गए हैं।

–आईएएनएस

जीसीबी/एएनएम