तीसरे चरण के मतदान से पहले असम में 3 रैलियां संबोधित करेंगी प्रियंका

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण से पहले असम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत गठबंधन के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को एक बार फिर राज्य का दौरा करेंगी और तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगी।

कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि प्रियंका शुक्रवार को असम का दौरा करेंगी और गोलपारा पूर्व, गोलगंज और सरुखेत्री क्षेत्रों में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगी।

1 मार्च के बाद से असम में प्रियंका की यह तीसरी यात्रा होगी।

भाजपा शासित राज्य में 126 विधानसभा क्षेत्रों में से 39 पर दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है।

27 मार्च को 47 विधानसभा क्षेत्रों में हुए पहले चरण के मतदान में 81,09,815 मतदाताओं में से लगभग 80 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे।

तीसरा और अंतिम चरण का मतदान 6 अप्रैल को 40 सीटों पर होगा। परिणाम 2 मई को घोषित किए जाएंगे।

महीने भर के व्यस्त चुनाव अभियान में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मध्य प्रदेश के समकक्ष शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पार्टी के प्रवक्ता गौरव वल्लभ और महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

–आईएएनएस

वीएवी/एसकेपी