तमिलनाडु की दो सीटों के लिए उपचुनाव शांतिपूर्ण तरीके से जारी (लीड-2)

चेन्नई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)| राज्य की दो विधानसभा सीटों विक्रवंदी और नानगुनेरी में चल रहे उपचुनाव में शांतिपूर्ण रूप से बड़ी संख्या में लोग मतदान कर रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सत्यव्रत साहू ने इस बात की जानकारी दी। दोपहर 1 बजे तक 54 प्रतिशत मतदान विक्रवंदी में और नानगुनेरी में 41 प्रतिशत मतदान में दर्ज किया गया।

सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। 24 अक्टूबर को मतों की गिनती की जाएगी।

दोनों सीटों पर कुल 35 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

द्रमुक विधायक के. रथमणि का जून में निधन हो गया था, जिसके बाद विक्रवंदी में उपचुनाव जरूरी हो गया था, जबकि कांग्रेस के विधायक एच. वसंत कुमार के लोकसभा में चुने जाने के बाद नानगुनेरी सीट खाली हुई थी।

विक्रवंदी में करीब 2.24 लाख मतदाता हैं, वहीं कुल 23 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक के आर. मुथुमसेल्वन और मुख्य विपक्षी पार्टी द्रमुक के एन. पुगझेंथी के बीच है।

वहीं दूसरी ओर नानगुनेरी सीट पर 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। हालांकि, मुख्य प्रतिद्वंद्वी अन्नाद्रमुक के वी. नारायणन और कांग्रेस उम्मीदवार रूबी आर. मनोहर हैं।

नानगुनेरी में मतदाताओं की कुल संख्या लगभग 2.57 लाख है।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए दो निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।