टोक्यो, ओसाका में 21 जून से प्रतिबंधों पर मिल सकती है छूट

टोक्यो, 12 जून (आईएएनएस)। जापान सरकार 21 जून से टोक्यो और ओसाका में कोविड-19 प्रतिबंधों में ढील देने पर विचार कर रही है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अधिकारी के हवाले से बताया है कि टोक्यो और ओसाका को कम सख्त शर्तो के साथ छूट दी जा सकती है। जापान में पूर्व घोषित आपातकाल की स्थिति 20 जून को समाप्त हो जाएगी।

सरकार का लक्ष्य 23 जुलाई से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक से पहले कोविड-19 महामारी को फिर से बढ़ने को रोकना है। ओलंपिक का आयोजन बीते साल ही होना था लेकिन कोरोना के कारण इसे टाल दिया गया। अब अगर इस साल भी ओलंपिक नहीं होता है तो जापान को अरबों डॉलर का नुकसान होगा।

जुलाई और अगस्त में होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों पर प्रतिबंधों पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा संबंधित मंत्रियों और विशेषज्ञों की एक उपसमिति से मिलेंगे और फिर इस बारे में औपचारिक निर्णय लिया जाएगा।

–आईएएनएस

जेएनएस