झारखंड विधानसभा चुनाव में राजग का मुकाबला नहीं : भाजपा

रांची, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)| झारखंड में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत का दावा करते हुए कहा है कि इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का कोई मुकाबला नहीं है। भाजपा का दावा है कि पिछले पांच वर्षो में स्थिर सरकार देकर जनता ने देश और प्रदेश से राजनीतिक अस्थिरता का वातावरण समाप्त किया, जिसके परिणामस्वरूप डबल इंजन की सरकार ने विकास की एक नई इबारत लिखी। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को यहां प्रदेश कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार ने यहां के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर स्वावलंबी बनाया है।

शाहदेव ने कहा, “जहां एक ओर मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत किसानों को 11 हजार रुपये से 31 हजार रुपये तक मानदेय दिया गया, वहीं दूसरी ओर झारखंड देश का इकलौता ऐसा राज्य बना, जो किसानों के फसल बीमा का प्रीमियम भी खुद देता है।”

उन्होंने बताया, “मुख्यमंत्री सुकन्या योजना एवं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का ही असर है कि आज राज्य में लिंगानुपात में अप्रत्याशित वृद्घि हुई है।”

उन्होंने महिलाओं के आत्मस्वावलंबन की दिशा में उठाए गए सरकार के ऐतिहासिक कदम का जिक्र करते हुए कहा, “महिलाओं के लिए मात्र एक रुपये में 50 लाख रुपये तक की जमीन, मकान की रजिस्ट्री के कारण आज राज्य में 80 प्रतिशत रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर हो रही है तथा झारखंड अकेला ऐसा राज्य बना, जहां 33 लाख से अधिक महिलाओं को चूल्हा के साथ दो रिफिल सिलेंडर मुफ्त दिया जा रहा है।”

शाहदेव ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, “लोगों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए सरकार ने आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की, जिससे झारखंड के 57 लाख गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा दिया गया, जिसका लाभ अभी तक तीन लाख झारखंडवासी ले चुके हैं।”

उन्होंने दावा किया कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने के मामले में रांची सदर अस्पताल का देश में दूसरा स्थान है।