झारखंड में 9 बजे तक 13.84 प्रतिशत मतदान

रांची, 19 मई (आईएएनएस)| लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के तहत झारखंड की तीन लोकसभा सीटों पर रविवार को मतदान जारी है। इन सीटों पर सुबह नौ बजे तक 13.84 प्रतिशत मतदान हो चुका है। एक चुनाव आधिकारी ने यह जानकारी दी।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, गोड्डा में सर्वाधिक 16.51 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद दुमका में 13.87 प्रतिशत और राजमहल में 10.67 प्रतिशत मतदान हुआ।

यहां 6,258 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चलेगा।

राजमहल और दुमका संसदीय सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं।

तीन लोकसभा सीटों में 45,64,681 मतदाता हैं जिनमें 23,64,541 पुरुष और 22,00,119 महिला मतदाता हैं। इन सीटों पर 42 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

यहां से अपनी किस्मत आजमा रहे दिग्गज राजनेताओं में राजमहल संसदीय सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विजय हंसदा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हेमलाल मुर्मू और दुमका सीट पर झामुमो के शिबू सोरेन और भाजपा के सुनील सोरेन हैं।

गोड्डा सीट पर झारखंड विकास मोर्चा -प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के प्रदीप यादव का मुकाबला भाजपा के मौजूदा सांसद निशिकांत दुबे से है।