झारखंड में 70.43 प्रतिशत मतदान (लीड-3)

 रांची, 19 मई (आईएएनएस)| लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में झारखंड की तीन लोकसभा सीटों पर रविवार को 70.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। एक चुनाव अधिकारी ने यह जानकारी दी।

 चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सर्वाधिक मतदान राजमहल में 71.69 प्रतिशत हुआ। इसके बाद दुमका और गोड्डा में क्रमश: 70.37 प्रतिशत और 71.10 प्रतिशत हुआ।

यहां 6,258 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे समाप्त हो गया।

राजमहल और दुमका संसदीय सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं।

रपटों के अनुसार, दुमका में एक बीमार महिला कोलकाता से एंबुलेंस में मतदान के लिए आई थी।

तेज गर्मी के बावजूद झारखंड में अच्छी संख्या में मतदान हुआ है। मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पांच मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ।

तीन लोकसभा सीटों पर कुल 45,64,681 मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 23,64,541 पुरुष और 22,00,119 महिला मतदाता हैं। इन सीटों पर 42 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

यहां से अपनी किस्मत आजमा रहे दिग्गज राजनेताओं में राजमहल संसदीय सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विजय हंसदा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हेमलाल मुर्मू और दुमका सीट पर झामुमो के शिबू सोरेन और भाजपा के सुनील सोरेन शामिल हैं।

गोड्डा सीट पर झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के प्रदीप यादव का मुकाबला भाजपा के मौजूदा सांसद निशिकांत दुबे से है।