झारखंड में 65 प्रतिशत मतदान (लीड-4)

 रांची, 12 मई (आईएएनएस)| लोकसभा चुनाव के छठे चरण में झारखंड की 14 में से चार लोकसभा सीटों पर रविवार को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। इस चरण में 64.46 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

 इस चरण में गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर और सिंहभूम (चाईबासा) सीटों के लिए मतदान हुआ, जिसके लिए 67 लाख मतदाता मतदान के पात्र थे। इसके लिए 8,300 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। सुचारु मतदान के लिए सुरक्षा बल की 200 कंपनियां तैनात की गई थीं। इस चरण में अब 67 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अध्यक्ष शिबू सोरेन ने बोकारो में तथा मुख्यमंत्री रघुबर दास ने अपने परिवार के साथ जमशेदपुर में मतदान किया।

गिरिडीह में मुख्य मुकाबला ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के उम्मीदवार और प्रदेश के जल संसाधन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी तथा झामुमो के जगन्नाथ महतो के बीच है।

धनबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पी.एन. सिंह का मुकाबला भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए कीर्ति आजाद से है।

इस्पात नगरी जमशेदपुर में मुख्य मुकाबला भाजपा के विद्युत बरन महतो और झामुमो के चंपई सोरेन के बीच है। सिंघभूम में भाजपा के लक्ष्मण गिलुवा का मुकाबला कांग्रेस की गीता कोड़ा से है।