झारखंड में कला जगत के 24 उभरते सितारे सम्मानित

रांची, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)| झारखंड की राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में कला जगत के 24 उभरते सितारों को ‘जिंदगी की न टूटे लड़ी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। दिल्ली की संस्था डीएमएस आरोही और झारखंड के रांची एक्सप्रेस ग्राम सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गायक रजनीकांत पाठक, युवा लेखिका किक्की सिंह जैसे उभरते सितारों को मशहूर गीतकार संतोष आनंद ने सम्मानित किया।

संतोष आनंद ने सम्मानित कलाकारों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि परिश्रम से सभी क्षेत्रों में सफलता पाई जा सकती है। उन्होंने उभरते कलाकारों को और अधिक मेहनत करने की सलाह दी।

इस सम्मान से सम्मानित लातेहार के रहने वाले रजनीकांत इन दिनों यू-ट्यूब पर काफी चर्चित हैं और लोग उनकी आवाज को खूब पसंद कर रहे हैं। वर्ष 2018 में भी इन्हें दिल्ली में ‘मेरी आवाज सुनो सम्मान’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

इस कार्यक्रम में रजनीकांत ने ‘महंगाई डायन खाए जात है’ गाकर खूब वाहवाही बटोरी।

रांची की युवा लेखिका किक्की सिंह ने अपनी विशिष्ट रचना शैली से कुछ ही दिनों में अपनी अलग पहचान बनाई है। कई अहम सम्मानों से सम्मानित लेखिका के आलेख व कविताएं देशभर की पत्र-पत्रिकाओं में अपना स्थान बना चुकी हैं। पिछले साल मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किक्की सिंह की पुस्तक ‘शादी का सपना’ का विमोचन किया था।

इस समारोह में डालटनगंज की छात्रा और टीवी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में इस वर्ष 25 लाख रुपये जीतने वाली दीपज्योति को भी सम्मानित किया गया।

इस मौके पर अभिनेता एवं निर्देशक लव पाठक, अमर आनंद, चतरा के सांसद सुनील सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।