झारखंड : झाविमो का 17 फरवरी को भाजपा में होगा विलय (लीड-1)

रांची, 11 फरवरी (आईएएनएस)| झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) की कार्यकारिणी समिति की मंगलवार को रांची में हुई बैठक में पार्टी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान कर दी गई। झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में रांची में हुई पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस मामले का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में उपस्थित पार्टी के सभी पदाधिकारियों और केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसका समर्थन किया।

बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मरांडी ने तमाम अटकलों पर विराम देते हुए कहा कि 17 फरवरी को रांची के प्रभाततारा मैदान में एक समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भाजपा के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, भाजपा के सभी सांसद-विधायक मौजूद रहेंगे।

बाबूलाल ने कहा कि झाविमो का प्रत्येक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में मौजूद रहेगा। विलय के बाद झाविमो के निचले स्तर के कार्यकर्ता को भी पूरा सम्मान दिया जाएगा।

बाबूलाल ने भाजपा में पद मिलने के प्रश्न के जवाब में कहा, “भाजपा झाड़ू लगाने का भी काम देगी तो करेंगे।”

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा में शामिल होने के बाद बाबूलाल मरांडी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है। झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने अभी तक इस पद को खाली रखा है। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि बाबूलाल केंद्र में मंत्री भी बनाए जा सकते हैं या भाजपा प्रदेश की जिम्मदारी भी मरांडी को सौंपी जा सकती है।

राज्य के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल ने पार्टी से कुछ मतभेदों के कारण 2006 में भाजपा छोड़कर अपनी अलग पार्टी बना ली थी। वर्तमान में झाविमो के बाबूलाल मरांडी समेत तीन विधायक हैं। झाविमो के दो अन्य विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की को पार्टी से पहले ही निष्कासित कर दिया है।