झारखंड चुनाव : कांग्रेस के रामेश्वर को लोहरदगा में 18 हजार की बढ़त

रांची, 23 दिसंबर (आईएएनएस)| कांग्रेस की झारखंड इकाई के प्रमुख रामेश्वर उरांव झारखंड की लोहरदगा विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता व कांग्रेस के पूर्व राज्याध्यक्ष सुखदेव भगत पर 18,662 मतों की बढ़त बना ली है। उनके प्रतिद्वंद्वी सुखदेव भगत को जहां अभी तक 22, 462 वोट मिले हैं, वहीं रामेश्वर उरांव ने 41,124 वोट हासिल कर लिए हैं। 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा के लिए पांच चरणों में हुए चुनाव में से लोहरदगा सीट पर 30 नवंबर को मतदान हुआ था।

वर्ष 2014 में झारखंड विधानसभा चुनाव में ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आसूज) के कमल किशोर भगत ने लोहरदगा विधानसभा सीट जीती थी। यह सीट अर्ध शहरी (अनुसूचित जनजाति) क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जहां अनुसूचित जाति की जनसंख्या 5.99 प्रतिशत है और अनुसूचित जनजाति की आबादी 56.95 प्रतिशत है।

जिस जिले में यह निर्वाचन क्षेत्र पड़ता है, वहां का अनुमानित साक्षरता स्तर 68.29 प्रतिशत है। 2019 के लोकसभा चुनाव में लोहरदगा संसदीय सीट से भाजपा के सुदर्शन भगत जीते हैं।