झारखंड चुनाव : आजसू ने 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

रांची, 11 नवंबर (आईएएनएस)| झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) ने सोमवार को अपने 11 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी प्रमुख सुदेश महतो सिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। रांची में आजसू के प्रवक्ता देवशरण भगत ने सोमवार शाम प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो की अध्यक्षता में रविवार को हुई पार्टी की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद पार्टी के प्रत्याशियों के नाम तय किए गए हैं।

पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो खुद सिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। उनके अलावा रामगढ़ से सुनीता चौधरी, लोहरदगा से नीरू शांति, हुसैनाबाद से शिवपूजन मेहता, गोमिया से लंबोदर महतो, बड़कागांव से रौशनलाल चौधरी तथा चंदनकियारी से उमाकांत रजक को उम्मीदवार बनाया गया है।

इसके अलावा जुगसलाई से रामचंद्र सहिस, सिमरिया से मनोज चंद्रा, चक्रधरपुर से रामलाल मुंडा तथा सिंदरी से सदानंद महतो को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।

गौरतलब है कि अब तक सीट बंटवारे को लेकर भाजपा और आजसू में से किसी ने कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। इस संबंध में पूछे जाने पर आजसू प्रवक्ता ने कहा कि मंगलवार को सुदेश महतो संवाददाता सम्मेलन में इन सभी प्रश्नों के उत्तर देंगे और सीट बंटवारे को लेकर बात रखेंगे।

भाजपा पहले ही 52 प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी है। भाजपा ने भी चक्रधरपुर और सिमरिया से अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है।

उल्लेखनीय है कि झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में से पहले चरण में 13 सीटों पर 30 नवंबर को मतदान होना है।