जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन से 5 लोगों की मौत

श्रीनगर, 14 जनवरी (आईएएनएस)| जम्मू एवं कश्मीर के गांदरबल जिले के ऊंचाई वाले इलाके में हुए हिमस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। मंगलवार को तीन अन्य शव मिले हैं।

खबरों के अनुसार, गांदरबल जिले के कल्लन क्षेत्र में सोमवार रात हिमस्खलन की चपेट में आने से आठ स्थानीय लोगों का एक दल बर्फ के नीचे दब गया था। बचाव दल तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए पहुंचा और तीन लोगों को बचा लिया गया। हालांकि, बाकी के पांच लोग का कोई पता नहीं चल पाया था।

देर रात बचाव दल को दो शव बरामद हुए और मंगलवार सुबह तीन अन्य शवों को भी खोज लिया गया। कुपवाड़ा जिले के लिम्बर बोनियार इलाके में भी सोमवार रात हुए हिमस्खलन से तीन आवासीय घर प्रभावित हुए।

इसके बाद घर में फंस गए कई लोगों को सेना, पुलिस और स्थनीय लोगों द्वारा समय पर साहयता प्रदान करने के चलते बचा लिया गया।