चीन में बिना संपर्क व्यक्ति का तापमान जानना व पहचान संभव

 नई दिल्ली/बीजिंग, 14 फरवरी (आईएएनएस)| चीनी शोधकर्ताओं ने किसी भी व्यक्ति से संपर्क किए बिना ही उसके शरीर के तापमान की जांच और उसकी पहचान करने के लिए एक व्यापक प्रणाली विकसित की है।

 इस प्रणाली को विकसित करने वाले शोधकर्ताओं के अनुसार, यह तकनीक नोवेल कोरोनावायरस (कोविड-19) की रोकथाम और नियंत्रण कार्यो को सुविधाजनक बनाने के लिए तैयार की गई है। चाइना डेली की रिपोर्ट के अनुसार, चीन राष्ट्रीय परमाणु निगम (सीएनएनसी) ने बताया कि एक्स एच-टी आई पहचान तंत्र शरीर का तापमान बताने के साथ ही चेतावनी प्रणाली एक साथ व्यक्ति की पहचान व उसके आईडी कार्ड की जानकारी की पुष्टि भी कर सकता है। इस तकनीक की मदद से किसी भी व्यक्ति से संपर्क किए बिना ही उसके चेहरे की पहचान और शरीर के तापमान की जांच की जा सकती है।

प्रत्येक व्यक्ति के लिए पूरी प्रक्रिया 0.3 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान में भी पूरी सटीकता से महज कुछ सेकंड में ही पूरी हो जाती है। इसके बाद सिस्टम व्यक्ति की पहचान और शरीर के तापमान के बारे में संयुक्त जानकारी उत्पन्न करता है और इसे उसके डेटाबेस में जोड़ देता है।

इस प्रणाली को नॉर्थवेस्ट चीन के शानक्सी प्रांत के शीआन में एक स्थानीय सूचना कंपनी व जिडियन यूनिवर्सिटी के साथ सीएनएनसी की एक संयुक्त टीम द्वारा विकसित किया गया है।

इस प्रणाली से उन लोगों को खोजने में तेजी आएगी जो बुखार से पीड़ित हैं और इसके प्रभावी तकनीकी सहायता के रूप में काम करने की उम्मीद है। यह प्रणाली विशेष रूप से कोविड-19 को नियंत्रित करने में भी अपनी विशेष भूमिका निभा सकती है।

इसका उपयोग सार्वजनिक परिवहन स्टेशनों, हवाईअड्डों, नौका टर्मिनलों और अन्य भीड़ भरे सार्वजनिक स्थानों में किया जा सकता है। यह आवासीय समुदायों, कार्यालय भवनों और कारखानों जैसे स्थानों पर लोगों की स्क्रीनिंग के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।